मुजफ्फरनगर। साइबर अपराध पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग ऐप के जरिये मंदिर का ऑर्डर भेजने और बाद में आरबीआई व पुलिस शिकायत के नाम पर ₹12.95 लाख की ठगी करने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि वादिया से एक ऑनलाइन शॉपिंग ऐप के माध्यम से मंदिर का ऑर्डर भेजने के नाम पर धोखाधड़ी की गई थी। बाद में उसी मामले में शिकायत दर्ज कराने और आरबीआई में रिपोर्ट भेजने के बहाने आरोपियों ने वादिया से कुल ₹12,95,000 रुपये हड़प लिए।
शिकायत मिलने पर थाना साइबर क्राइम मुजफ्फरनगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।तकनीकी विश्लेषण और साइबर इनपुट के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध व्हाट्सएप नंबरों को ट्रेस किया और आरोपी को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के समय अभियुक्त के मोबाइल में वही व्हाट्सएप खाता सक्रिय अवस्था में पाया गया, जिससे वादिया को कॉल की गई थी। मोबाइल की जांच में तीन अन्य नंबरों से जुड़ी दस और शिकायतें सामने आई हैं, जिनकी जांच जारी है।पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पुष्पेन्द्र सिंह चौहान पुत्र डम्बर सिंह निवासी ग्राम गाउसपुर टैना, थाना खुर्जा, जनपद बुलन्दशहर के रूप में की है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
एसपी क्राइम ने बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सुल्तान सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में निरीक्षक प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक गौरव चौहान, मुबारिक हसन, जय शर्मा और हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार शामिल रहे।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन खरीदारी या शिकायत के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे न भेजें और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।
