श्रृंगेरी शंकराचार्य ने शक्तिपीठ मां विशालाक्षी के मंदिर में हाजिरी लगाई,किया अभिषेक

वाराणसी,03 फरवरी (हि.स.)। श्रृंगेरी पीठ के शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी विधु शेखर भारती महाराज ने सोमवार को काशी में स्थित शक्तिपीठ माता विशालाक्षी देवी के दरबार में हाजिरी लगाई। दरबार में शंकराचार्य ने माता के विग्रह का अभिषेक कर विधिवत पूजन किया। शंकराचार्य स्वामी विधु शेखर भारती माता अन्नपूर्णा मंदिर के नौ दिवसीय कुम्भाभिषेक कार्यक्रम के क्रम में काशी प्रवास पर हैं।

उल्लेखनीय है कि शंकराचार्य का माता विशालाक्षी के दरबार में बीते शनिवार को ही आगमन होना था। लेकिन अत्यधिक भीड़ और कार्यक्रम की व्यस्तता के कारण उस दिन उनका आगमन नहीं हो पाया था। सोमवार को जब शंकराचार्य माता रानी के मंदिर पहुंचे तो उस वक्त माता का अभिषेक चल रहा था। उन्होंने गर्भगृह में जाकर माता का विधिवत अभिषेक किया। उनके साथ अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी महाराज भी रहे। अभिषेक के बाद शंकराचार्य ने माता की आरती की। इस अवसर पर मंदिर के महंत सुरेश कुमार तिवारी,महंत राजनाथ तिवारी ने उन्हें माता का चित्र और अंगवस्त्र देकर आशीर्वाद रूपी प्रसाद दिया। मंदिर में करीब 20 मिनट की उनकी उपस्थिति के समय मंदिर वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहा।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights