मनोज पाल (9911711593)
मुजफ्फरनगर। उत्तराखंड स्थित श्री केदारनाथ धाम के प्रधान पुजारी श्री वाघेश लिंग शुक्रवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे, जहां उन्होंने धाम की निरंतर यात्रा करने वाले तथा आगामी यात्रा की तैयारी कर रहे भक्तों से मुलाकात की। उनके आगमन से भक्तो में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

प्रधान पुजारी श्री वाघेश लिंग द्वारिका सिटी स्थित अंशुमन अग्रवाल के आवास पर पहुंचे। वे उत्तराखंड से दिल्ली एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि अंशुमन अग्रवाल के नए घर के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होना भी उनका पूर्व निर्धारित कार्यक्रम था, लेकिन श्री केदारनाथ धाम में धार्मिक सेवाओं की अत्यधिक व्यस्तता के कारण वे समय पर नहीं पहुंच सके। दिल्ली जाते समय उन्होंने विशेष रूप से मुजफ्फरनगर रुककर अग्रवाल परिवार से भेंट की और गृह प्रवेश की शुभकामनाएं दीं। द्वारिका सिटी पहुंचने पर अंशुमन अग्रवाल के परिवार, परिचितों और शहर के गणमान्य व्यक्तियों ने प्रधान पुजारी श्री वाघेश लिंग का माला पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। भक्तों ने भी उनसे आशीर्वाद लिया और श्री केदारनाथ धाम से जुड़े आध्यात्मिक अनुभवों पर चर्चा की।

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रधान पुजारी श्री वाघेश लिंग ने कहा कि श्री केदारनाथ धाम की एक बार की यात्रा भी भक्तों के जीवन को पवित्र कर देती है और कष्टों का नाश करती है। उन्होंने कहा कि बाबा केदार के दर्शन मात्र से मन को शांति मिलती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने लोगों से जीवन में कम से कम एक बार अवश्य श्री केदारनाथ धाम की यात्रा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि केदारधाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि आत्मिक शांति का अद्वितीय स्थान है, जहां देवभूमि की दिव्यता और प्रकृति का संगम हर भक्त को आध्यात्मिक अनुभूति कराता है।
प्रधान पुजारी श्री वाघेश लिंग की इस संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण यात्रा ने शहर में धार्मिक उत्साह को और मजबूत किया, और उनके आशीर्वचन सुनकर कई भक्तों ने आगामी यात्रा में श्री केदारनाथ धाम जाने का संकल्प भी लिया।
इस दौरान अंकुर गोयल, दीपक राजपूत, पुनीत बंसल, राघव सिंघल, अमित मित्तल, सीए मनीष बंसल आदि भक्तगण मौजूद रहे |
