हिमस्खलन में दबे श्रमिकों की खोज जारी, मुख्यमंत्री ने दिए रेस्क्यू तेज करने के निर्देश

देहरादून, 28 फ़रवरी (हि.स.)। बदरीनाथ से करीब दस किमी. दूर सीमा सड़क संगठन कैंप के पास सड़क निर्माण कार्य के दौरान ग्लेशियर खिसकने से बर्फ में दबे श्रमिकों को खोजने का कार्य जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी राज्य आपदा कंट्रोल रूम से घटना पर निगरानी रखे हुए हैं। मौके पर बीआरओ व सेना के जवाब बर्फ में दबे श्रमिकों की तलाश में जुटे हुए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे। केंद्र से उन्होंने चमोली जिला प्रशासन से संपर्क करने के साथ ही वर्तमान में चल रहे रेस्क्यू कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी को जल्द स्थिति पर नियंत्रण पाने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता आईएएस नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि घायल श्रमिकों को माणा के पास आर्मी कैंप में भेज गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

सेना के जन संपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव ने बताया सेना का रेस्कयू अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि हिमस्खलन के बाद आज सुबह 8 बजे से भारतीय सेना के 07 एक्स ऑफिसर्स, 17 एक्स जेसीओ और 150 जवानों की मौके पर रेस्क्यू अभियान चला रही है। टीम फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए खोज और बचाव अभियान चलाने के लिए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लगातार काम कर रही है। मौसम सर्च एंड रेस्क्यू में बाधा उत्पन्न कर रहा है। उन्होंने बताया कि विशेष चिकित्सा टीम में दो चिकित्सक, चार एम्बुलेंस भी कार्य कर रही हैं।

वहीं चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि टीमें मुख्यालय से रवाना कर दी गई हैं। इलाके में लगातार बर्फबारी हो रही है। इस वजह से हेलीकॉप्टर वहां नहीं जा सकता है। सेटेलाइट फोन भी वहां पर काम नहीं कर रहे हैं।

घटना से संबंधित जानकारी के लिए हेल्प लाइन नबंर जारी

मुख्यमंत्री ने घटना में प्रभावित व्यक्तियों को हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हेल्प लाइन नम्बर जारी करने के भी निर्देश दिए। इसके बाद आपदा सचिव विनोद कुमार समुन ने हेल्प लाइन नम्बर भी जारी कर दिए हैं। जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 8218867005, 9058441404, दूरभाष नम्बर 0135-2664315, टोल फ्री नम्बर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights