मुजफ्फरनगर।
जनपद में लगातार बढ़ रहे घने कोहरे और कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन के निर्देश पर अब जनपद के सभी बोर्डों के विद्यालयों का संचालन संशोधित समय के अनुसार किया जाएगा, जिससे छोटे बच्चों और किशोर छात्रों को सुबह की ठंड से राहत मिल सके।

प्रशासनिक आदेश के अनुसार अब किसी भी विद्यालय में सुबह 10 बजे से पहले विद्यार्थियों की उपस्थिति नहीं होगी। यदि निर्धारित समय से पहले बच्चों को स्कूल बुलाया गया तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह व्यवस्था ठंड और कोहरे के कारण संभावित दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को कम करने के उद्देश्य से लागू की गई है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने कक्षा एक से आठ तक के सभी परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए स्कूल संचालन का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया है। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश श्रीवास्तव ने भी जिलाधिकारी उमेश कुमार के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सहित अन्य सभी बोर्डों के अंतर्गत कक्षा छह से बारहवीं तक के विद्यालयों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं।इस निर्णय के बाद अब प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट स्तर तक के सभी विद्यालय एक समान समयावधि में संचालित होंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बनी रहेगी और ठंड के मौसम में उनकी सेहत पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights