मनीष अग्रवाल
सहारनपुर | जनपद के थाना सरसावा पुलिस ने चोरी की दो बड़ी वारदातों का मात्र पांच घंटे में खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के संबंध में मंगलवार को थाना सरसावा में दो अलग-अलग पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज किए गए थे। पहले मामले में वादी कासिम रजा ने दुकान की छत फाड़कर सोलर प्लेट, नगदी और पंद्रह-सोलह कबूतर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं दूसरे मामले में वादी शहीद अहमद ने दुकान का शटर तोड़कर गल्ले से 28 हजार रुपये चोरी होने की रिपोर्ट दी थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी नकुड के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नकुड रोड ईंट भट्टे के पास दबिश देकर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में शमीम पुत्र इकबाल निवासी ग्राम बड़ा कुंडा थाना गंगोह, जीशान उर्फ डोडा पुत्र महफूज निवासी मौहल्ला मिर्धान कस्बा सरसावा और सद्दाम पुत्र अब्दुल वहीद निवासी मौहल्ला हजारा कस्बा सरसावा शामिल हैं।पुलिस ने इनके कब्जे से आठ कबूतर (छह सफेद, एक काला और एक सफेद-काला चित्तीदार), 5100 रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त एक सब्बल, दो नाजायज चाकू, एक प्लास और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे मजदूरी करते हैं, कम पढ़े-लिखे हैं और नशे के आदी हैं। पैसों की कमी के कारण वे जल्दी पैसा कमाने के लिए चोरी की घटनाएं अंजाम देते हैं और चोरी का सामान सस्ते दामों में बेचकर नशे की जरूरतें पूरी करते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछली रात कस्बा सरसावा में दोनों दुकानों में चोरी की वारदात उन्होंने ही की थी और सामान बेचने के लिए ले जा रहे थे कि पुलिस ने दबोच लिया।पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विनोद कुमार, उपनिरीक्षक ललित कुमार, उपनिरीक्षक प्रेमपाल सिंह, हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अनित कुमार, कांस्टेबल अनूप कुमार और कांस्टेबल अनुज कुमार शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
