जोनी शर्मा
देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
खतौली। दयालपुरम स्थित लाल दयाल पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुजफ्फरनगर लोकसभा सांसद हरेन्द्र मलिक पहुंचे। विद्यालय के एमडी राजवीर टीटू, प्रबंधन एवं स्टाफ ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद हरेन्द्र मलिक द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। राष्ट्रगान के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

मुख्य अतिथि सांसद हरेन्द्र मलिक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देश का भविष्य बच्चों के हाथों में है। विद्यार्थियों को अपने जीवन में मेहनत, लगन, अनुशासन और संस्कार को अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ प्रत्येक विद्यार्थी को देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को भी समझना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। विद्यालय प्रबंधन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को देशभक्ति, एकता और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर फुरकान अहमद, सभासद दानिश मिर्जा, सतेंद्र प्रधान ग्राम लौहड्डा, अखिल सिंह, शशी पाल, भगवान सिंह, नासिर सिद्दीकी, अंकुर सिंह, विद्यालय प्रबंधक आशीष चौधरी, रोहित चौहान मकसूदाबाद, सुमित ठाकुर अहमदगढ़, राहुल राजपूत अहमदगढ़, रोहताश नेताजी सहित विद्यालय स्टाफ एवं अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण एवं शांतिपूर्ण माहौल में हुआ। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं स्टाफ के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
