मनीष अग्रवाल
सहारनपुर | एसएसपी सहारनपुर आशीष तिवारी ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सदर के साथ थाना फतेहपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। एसएसपी के पहुंचते ही पुलिस कर्मियों ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण के बाद एसएसपी ने थाना परिसर में पुलिस कर्मियों की फिटनेस बढ़ाने के लिए तैयार किए गए आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण किया। उन्होंने कोर्ट की गुणवत्ता और निर्माण व्यवस्था की सराहना भी की।निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना मैस की स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता का विस्तार से परीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रागार में हथियारों की सुरक्षा, अभिलेखों की स्थिति, मालखाने के रिकॉर्ड और बरामद सामान की संरक्षा का भी गहन निरीक्षण किया। एसएसपी ने मिशन शक्ति केन्द्र की कार्यप्रणाली और महिलाओं की सहायता से जुड़ी सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।एसएसपी ने थाने में रखे अपराध रजिस्टर, लंबित मामलों की फाइलें, विवेचना की प्रगति, ड्यूटी रजिस्टर सहित सभी अभिलेखों की सूक्ष्म जांच की।
उन्होंने अभियोगों के त्वरित निस्तारण, फरार/वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी, तथा जनसुनवाई को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने थाने की समग्र कार्यप्रणाली को ज्यादा पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के अंत में एसएसपी आशीष तिवारी ने पुलिस कर्मियों को अनुशासन, ईमानदारी, संवेदनशीलता और उत्कृष्ट जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि थाना फतेहपुर की कार्यशैली को और बेहतर बनाने के लिए हर पुलिसकर्मी को जिम्मेदारी और सजगता के साथ अपने दायित्व निभाने होंगे।
