मनीष अग्रवाल
सहारनपुर को विकास योजनाओं का रोल मॉडल बनाने के निर्देश
सहारनपुर| ।उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ व्यापक समीक्षा बैठक की और जनपद में चल रही विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने उप मुख्यमंत्री को काष्ठ से निर्मित भगवान गणेश की मूर्ति भेंट की।उप मुख्यमंत्री ने ग्राम्य विकास, मनरेगा, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, खाद्य प्रसंस्करण सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सहारनपुर को प्रदेश की विकास योजनाओं का रोल मॉडल बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करें।उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम चौपाल कार्यक्रम के तहत गांव की समस्याओं का निस्तारण गांव में ही किया जाए।
साथ ही प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत हर ग्राम में एक खाद्य प्रसंस्करण यूनिट स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध हो सके।मौर्य ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत निर्मित अमृत सरोवरों और अमृत वनों की नियमित समीक्षा करने को कहा। साथ ही प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभों को पात्र लोगों तक पहुंचाने और इसके लिए जनप्रतिनिधियों के अनुभवों का उपयोग करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिले की शिकायतों का निस्तारण जिला स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए।आधी आबादी का प्रतिनिधित्व कर रही मातृशक्ति के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उप मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी योजना के लाभार्थियों का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी मनीष बंसल ने आश्वस्त किया कि उप मुख्यमंत्री के निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा।समीक्षा बैठक में राज्यमंत्री बृजेश सिंह, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, महापौर डॉ. अजय सिंह, विधायक राजीव गुंबर, विधायक मुकेश चौधरी, विधायक कीरत सिंह, विधायक देवेंद्र निम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, गौरव गर्ग सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
