मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल के सख्त निर्देशों के अनुपालन में खनन से संबंधित वाहनों की प्रभावी पहचान और निगरानी के लिए परिवहन विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) एम.पी. सिंह ने बताया कि 6 नवम्बर 2025 से परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें सईद माजरा टोल, कोल्की टोल और सरसावा टोल पर तैनात रहेंगी।इन टीमों द्वारा खनन संबंधित वाहनों के वाहन नंबर उनकी बॉडी पर स्पष्ट रूप से अंकित कराए जाएंगे।
वाहन नंबर आगे की विंडशील्ड, दोनों किनारों और पीछे की ओर पीले रंग की पृष्ठभूमि पर काले रंग में लिखना अनिवार्य होगा, ताकि वह कम से कम 20 मीटर की दूरी से स्पष्ट रूप से पढ़ा जा सके।एम.पी. सिंह ने बताया कि वाहन स्वामियों को अपने वाहनों में पंजीयन प्रमाणपत्र की एक प्रति रखना सुनिश्चित करना होगा। वाहन स्वामी स्वयं भी निर्धारित स्थानों पर अपने वाहन नंबर अंकित कर सकते हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम खनन वाहनों की पहचान एवं निगरानी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उठाया गया है। निर्देशों का पालन न करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
