लोकसभा चुनाव से पहले यूपी में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीति बाजार गरम है। इसी कड़ी में रविवार को जयंत चौधरी ने अपने विधायकों की मथुरा में बैठक बुलाई। यहीं से विधायक मतदान के लिए रवाना होंगे। इसके बाद लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से अहम मुलाकात होगी। हालांकि, अभी भाजपा- राष्ट्रीय लोक दल समझौते की औपचारिक घोषणा होना बाकी है।
वहीं, लोकसभा चुनाव में आरएलडी के मथुरा से चुनाव लड़ने पर जयंत चौधरी ने ANI से बात करते हुए कहा, “हमारे दल के सभी विधायक मथुरा आए हैं, आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बातचीत हुई। वहीं, जयंत ने राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मथुरा से चुनाव लड़ने की ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है, घोषणा होने के बाद बात की जाएगी।
उत्तर प्रदेश की 10 सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव में भाजपा के आठवें उम्मीदवार की जीत की कुंजी आरएलडी विधायकों के पास हैं। बीजेपी भले ही अपने मौजूदा सहयोगियों (आरएलडी के नौ विधायकों को छोड़कर) के सभी विधायकों के वोट मिल जाएं, फिर भी सत्तारूढ़ दल अपने आठवें उम्मीदवार को निर्वाचित कराने के लिए पर्याप्त संख्या में पीछे रह सकता है। दूसरी ओर, कांग्रेस के दो विधायकों द्वारा सपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के बाद भी सपा को अपने तीसरे उम्मीदवार को निर्वाचित कराने के लिए दो वोटों की कमी हो सकती है। राज्यसभा चुनाव के लिए 27 फरवरी को मतदान होना है।
