मुजफ्फरनगर।जिले में सरकारी वकीलों के खाली पदों को भरने के लिए प्रशासन ने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत जिला मजिस्ट्रेट के अनुमोदन के बाद सरकारी पैनल के लिए योग्य अधिवक्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य जिले में फौजदारी और सिविल मामलों की पैरवी के लिए नए सरकारी अधिवक्ताओं का चयन करना है।जिले में कुल 9 पद रिक्त हैं जिनमें सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) के 8 पद और जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल) का 1 पद शामिल है।
इच्छुक और पात्र अधिवक्ता अपना आवेदन निर्धारित प्रारूप में 19 नवंबर 2025 से 9 दिसंबर 2025 तक जमा कर सकते हैं।आवेदन कलेक्ट्रेट मुजफ्फरनगर स्थित जे.ए./वाद सहायक पटल पर किसी भी कार्यदिवस में स्वीकार किए जाएंगे। प्रशासन ने सभी इच्छुक अधिवक्ताओं से समय पर आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया शासन द्वारा तय नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी।अधिकारियों का कहना है कि नई नियुक्तियां जिले में न्यायिक कार्यों को और अधिक सुचारू बनाने में मदद करेंगी।
