रेल प्रशासन की चिकित्सा टीम ने 96,390 श्रद्धालुओं को दिया प्राथमिक उपचार

-रेल प्रशासन ने बसंत पंचमी पर 189 आउटवर्ड गाड़ियों का किया परिचालन

महाकुम्भ नगर, 04 फरवरी (हि.स.)। महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं को रेल प्रशासन द्वारा उत्तर मध्य रेलवे के चिकित्सा विभाग ने बसंत पंचमी के दौरान 1026 श्रद्धालुओं सहित 11 जनवरी से 03 फरवरी तक 96,390 श्रद्धालुओं को चिकित्सा सेवा प्रदान की। साथ ही बसंत पंचमी पर संगम स्नान कर घर वापसी करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रयागराज के विभिन्न स्टेशनों से 189 आउटवर्ड गाड़ियों का परिचालन किया गया। इसमें आज मंगलवार को सांय 18 बजे तक कुल 37 गाड़ियों को चलाया गया।

वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि आज 18 बजे तक बसंत पंचमी स्नान पर्व पर आए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रयागराज के सभी स्टेशनों से 189 आउटवर्ड ट्रेनों का परिचालन किया गया। इसमें प्रयागराज जंक्शन से 95, प्रयागराज छिवकी से 20, नैनी से 02, सूबेदारगंज से 15, प्रयाग से 25, फाफामऊ से 04, प्रयागराज रामबाग से 11 एवं झूसी से 17 गाड़ियों का परिचालन किया गया।

पीआरओ ने बताया कि मेला की पूर्ण अवधि में रेलवे द्वारा लगभग 13,450 गाड़ियों के परिचालन की योजना बनाई गई है। जिसमें 10,028 नियमित गाड़ियां और 3400 से अधिक विशेष गाड़ियों का परिचालन शामिल है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सारी गाड़ियों का परिचालन योजनानुसार किया जा रहा है। पूर्व दी गई सूचना के आलोक में कुछ गाड़ियों को मार्ग परिवर्तित करके चलाया जा रहा है। जबकि कुछ गाड़ियों का टर्मिनल स्टेशन प्रयागराज की जगह सूबेदारगंज किया गया है।

इस दौरान विभिन्न स्टेशनों पर बनाए गए आबाजर्वेशन रूम में भी गम्भीर स्थिति में लाये गए श्रद्धालुओं का भी इलाज किया गया एवं स्थिति सामान्य होने के उपरांत अग्रिम इलाज हेतु रेलवे अस्पताल एवं शहर के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। महाप्रबंधक उपेन्द्र चन्द्र जोशी वॉर रूम से तथा मंडल रेल प्रबंधक हिमांशु बडोनी कंट्रोल रूम से लगातार स्थिति की मानिटरिंग कर रहे हैं।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights