मुज़फ्फरनगर | मुजफ्फरनगर में पोस्टर वॉर का नया अध्याय शुरू हो गया है। हाल ही में “आई लव मोहम्मद” बैनरों को लेकर शुरू हुई बहस थमने का नाम नहीं ले रही थी कि अब एक हिंदू संगठन ने शहर के प्रमुख चौराहों पर “आई लव महादेव” लिखे होर्डिंग लगाकर माहौल को और गर्मा दिया है।
राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन द्वारा शिव चौक, महावीर चौक और रोडवेज बस स्टैंड सहित कई भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ये बड़े पोस्टर लगाए गए हैं। संगठन का कहना है कि यह पहल पूरी तरह “आई लव मोहम्मद” बैनरों के जवाब में की गई है, क्योंकि अगर किसी को मोहम्मद से प्रेम जताने का अधिकार है तो महादेव के प्रति भी वही भाव प्रकट किया जा सकता है। संगठन के अध्यक्ष संजय अरोड़ा ने स्पष्ट किया कि उनकी योजना जिले में 20 स्थानों पर ऐसे होर्डिंग लगाने की थी, मगर प्रशासन के दबाव और लगातार संपर्क करने की वजह से अब तक केवल पाँच स्थानों पर ही इन्हें लगाया जा सका है।इन पोस्टरों की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग हरकत में आ गया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सजग हो गया है।
संवेदनशील माहौल को देखते हुए यह मामला विशेष रूप से शुक्रवार के दिन और गंभीर हो जाता है, क्योंकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह के बैनर किसी भी समय विवाद की स्थिति पैदा कर सकते हैं। पुलिस और प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बिना अनुमति के सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए किसी भी बैनर को हटाया जाएगा और अगर ये होर्डिंग्स कानून व्यवस्था के लिए खतरा बने तो कार्रवाई भी तय है।
दरअसल, “आई लव मोहम्मद” पोस्टरों को लेकर कानपुर और वाराणसी समेत कई जिलों में पहले ही विवाद खड़ा हो चुका है। कहीं एफआईआर दर्ज हुई है तो कहीं सामाजिक संगठनों और साधु-संतों ने इसका विरोध किया है। इसी बहस के बीच अब “आई लव महादेव” पोस्टरों ने तूल पकड़ लिया है। ओवैसी जैसे नेताओं ने बयान दिया है कि अगर कोई “आई लव महादेव” कह सकता है तो “आई लव मोहम्मद” पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं। दूसरी ओर, हिंदू संगठन इसे अपनी धार्मिक आस्था की अभिव्यक्ति मान रहे हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी पोस्टर हटवा दिए हैं |
