(अपडेट) यूपी बजट सत्र : सर्वदलीय बैठक में सकारात्मक चर्चा पर बनी सहमति

लखनऊ, 17 फरवरी(हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान सभा का बजट सत्र 18 फरवरी (मंगलवार) से आरम्भ होगा। इससे पूर्व सोमवार को यूपी विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सर्वदलीय बैठक बुलाई। इस बैठक में नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय समेत अन्य दलीय नेता मौजूद रहे। विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना और मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष से सदन चलाने में सहयोग की अपील की। इस पर विपक्ष का आश्वासन मिला है। बैठक में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डे समेत सभी दलों के नेता उपस्थित रहे।

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि बजट सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसमें राज्य सरकार आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाओं एवं नीतियों का खाका प्रस्तुत करती है। उन्होंने सभी दलीय नेताओं से अनुरोध किया कि वे सदन में शालीनता एवं संसदीय मर्यादा बनाए रखते हुए सकारात्मक चर्चा करें। इस पर सभी दलीय नेताओं ने सदन के संचालन में सहयोग दिए जाने का आश्वासन दिया।

महाना ने सभी दलों से अनुरोध किया कि वे लोकतांत्रिक मर्यादा का पालन करते हुए प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता पक्ष हो, चाहे विपक्ष हो, सभी को सदन में अपनी बात रखने का अधिकार होता है। सदन में सार्थक चर्चा हो, ताकि देश में सकारात्मक संदेश जाए।

इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सत्र प्रदेश की आर्थिक समृद्धि एवं विकास योजनाओं को गति देने वाला होगा। उन्होंने विपक्ष से सकारात्मक चर्चा की अपील करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रगति को पूरे देश में सराहा जा रहा है। अध्यक्ष सतीश महाना ने उत्तर प्रदेश विधानसभा को नई पहचान दी है। महाना ने अध्यक्ष के रूप में उत्तर प्रदेश की उपलब्ध्यिों को आगे बढाने तथा चिरस्मरणीय बनाने का काम किया है।

उन्होंने अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व के तीन वर्षों की भांति इस वर्ष भी सदन में सार्थक चर्चा होगी। उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जहां ई-विधान लागू किया गया है, जिससे उत्तर प्रदेश की विधानसभा की कार्यवाही की पूरे देश में नई पहचान बनी है। हमारी दलीय प्रतिबद्धता हो सकती है, पर हम सबको मिलकर उत्तर प्रदेश को आगे बढाना है। सर्वदलीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डे ने कहा कि बजट सत्र में बड़े विभागों पर अलग से विस्तृत चर्चा कराई जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे सदन के सुचारू संचालन में अपना पूरा सहयोग देंगे। इस बैठक में अपना दल (एस) के रामनिवास वर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के प्रदीप कुमार सिंह , सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के बेदीराम, जनसत्ता लोकतांत्रिक पार्टी के विनोद सरोज, निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल के रमेश भारतीय, राष्ट्रीय कांग्रेस की नेता आराधना मिश्रा मोना तथा जनसत्ता लोकतान्त्रिक दल से विनोद सरोज उपस्थित रहे।

इससे पूर्व कार्य-मंत्रणा समिति की बैठक में विधानसभा के एजेंडे पर चर्चा की गयी। कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में सदस्यों महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, सुशील कुमार शाक्य, रवि शर्मा, रविदास मेहरोत्रा, डॉ. संग्राम यादव के अलावा विशेष आमंत्री सदस्य रामनिवास वर्मा, प्रदीप कुमार सिंह, रमेश, आराधना मिश्र मोना , विनोद सरोज, तथा श्री रामनरेश अग्निहोत्री मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights