पोप फ्रांसिस की हालत स्थिर, नाक की नली से दी जा रही ऑक्सीजन

वेटिकन सिटी, 06 मार्च (हि.स.)। पिछले महीन से अस्वस्थ पोप फ्रांसिस की हालत स्थिर बनी हुई है। पिछले तीन हफ्ते से 88 वर्षीय पोप फ्रांसिस का इलाज रोम के जेमेली अस्पताल में चल रहा है। डबल निमोनिया (गंभीर श्वसन संक्रमण) से पीड़ित फ्रांसिस ने रात अच्छी नींद ली। होली सी प्रेस कार्यालय ने गुरुवार सुबह पत्रकारों को यह सूचना देते हुए कहा कि पोप अभी भी आराम कर रहे हैं।

वेटिकिन न्यूज के अनुसार, बुधवार शाम होली सी प्रेस कार्यालय ने कहा कि पोप फ्रांसिस की हालत आज भी स्थिर रही। रात को वो नॉन-इनवेसिव मैकेनिकल मास्क पहनकर सोये। उन्हें दिन में नाक की नली से ऑक्सीजन दी गई है। उन्होंने दिन अपनी आराम कुर्सी पर बिताया। अस्पताल के 10वीं मंजिल पर स्थित निजी अपार्टमेंट में पोप ने पवित्र राख के आशीर्वाद के अनुष्ठान में हिस्सा लिया।

उन्होंने सुबह गाजा में होली फैमिली चर्च के पैरिश पादरी फादर गेब्रियल रोमनेली को भी बुलाया। दोपहर में आराम के बीच में कुछ काम किया। उल्लेखनीय है कि पोप को फेफड़ों की गंभीर बीमारी है। युवावस्था में उनके एक फेफड़े का कुछ हिस्सा निकाल दिया गया था। तीन दिन पहले सोमवार को उन्हें दो बार सांस संबंधी गंभीर समस्या हुई। उसके बाद दो दिनों से उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। श्वसन चिकित्सा में उनके अस्पताल की दिनचर्या में फिजियोथेरेपी को भी शामिल किया गया है।

इस बीच होली सी कार्यालय से जारी सर्वोच्च पोंटिफ के धार्मिक उत्सव के कार्यालय के बयान में कहा गया कि लेंट के पहले रविवार (09 मार्च) को सेंट पीटर बेसिलिका के पारविस में युकैरिस्टिक उत्सव होगा। इसकी अध्यक्षता कार्डिनल माइकल कजर्नी करेंगे। वह उत्सव में पवित्र पिता पो फ्रांसिस का प्रतिनिधि करेंगे। उल्लेखनीय है कि लेंट एक ईसाई परंपरा है । यह यीशु की मृत्यु और पुनरुत्थान तक बलिदान की पवित्र चालीस दिवसीय अवधि होती है। लेंट के दौरान, रूढ़िवादी ईसाई, कैथोलिक और कुछ प्रोटेस्टेंट उपवास, प्रार्थना और प्रभु के साथ मेल-मिलाप करके पवित्र सप्ताह की तैयारी करते हैं।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights