मुजफ्फरनगर। प्रदेश में हालिया पटाखा विस्फोट की भयावह घटना के बाद मुजफ्फरनगर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। दीपावली पर्व से पूर्व किसी भी तरह की अनहोनी से बचाव के लिए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। नई मंडी क्षेत्र में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने पटाखा व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की।निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, सीओ नई मंडी राजू साव तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह ने पटाखों के भंडारण स्थलों का जायजा लिया।
टीम ने आग से सुरक्षा के इंतजामों की समीक्षा की और व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे पानी, रेत और अग्निशमन यंत्रों की पर्याप्त व्यवस्था रखें।अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि “कानपुर जैसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी व्यापारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।”पुलिस और प्रशासन की इस तत्परता से आम जनता में भी सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। दीपावली से पहले चलाया जा रहा यह अभियान न केवल जनहित में है, बल्कि जनसुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
