नई दिल्ली | दिल्ली में मंगलवार तड़के उस वक्त हालात तनावपूर्ण हो गए, जब बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित अत्याचार और धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ के विरोध में संगठनों ने बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां थीं और वे बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।प्रदर्शन में शामिल विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि वहां की सरकार आंखें मूंदे हुए है।

प्रदर्शनकारियों ने भारत सरकार से इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से उठाने की मांग की।स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने हाई कमीशन के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किया। बैरिकेडिंग के बीच जब प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे तो पुलिस से उनकी धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि “यह सिर्फ एक देश का नहीं, बल्कि मानवाधिकारों का सवाल है।” वहीं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल लगाया गया और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के पूरे इंतजाम किए गए।सूत्रों के मुताबिक, इस प्रदर्शन को देखते हुए बांग्लादेश हाई कमीशन के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
