ओमप्रकाश राजभर के करीबी नेता को अंबेडकरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के चलाए गए अभियान में गिरफ्तार अशोक यादव के पास से करीब सात किलो गांजा बरामद किया गया है। वहीं, सुभासपा जिलाध्यक्ष ने प्रदेश सचिव अशोक यादव की गिरफ्तारी को सियासी साजिश बताया है।
गिरफ्तारी के दौरान यह बात सामने आई कि अशोक यादव सुभासपा के प्रदेश सचिव हैं। इसकी जानकारी होते ही सियासी सरगर्मी बढ़ गई। सुभासपा जिलाध्यक्ष जगलाल राजभर ने इस गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश बता दिया। उन्होंने कहा कि अशोक यादव हार्ट के मरीज हैं। वह इलाज करने गए थे। उन्हें फंसाया जा रहा है।
अंबेडकरनगर के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कुर्की के अशोक यादव का सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर से काफी करीबी रिश्ता है। सोशल मीडिया पर आए इन दोनों की फोटो एक साथ दिखती रहती है। हाल ही में जब सुभासपा का संगठन विस्तार हुआ तो अशोक यादव को पार्टी का प्रदेश सचिव बनाया गया था। जिले में ओम प्रकाश राजभर का जब भी दौरा होता तो अशोक यादव ओमप्रकाश के साथ में ही दिखाई देते हैं।
अशोक पर मुकदमे की यह पहली कार्रवाई है। पुलिस के अनुसार, सम्मनपुर थाना पुलिस ने अशोक यादव और एक अन्य व्यक्ति कटुई निवासी उमाशंकर राजभर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इन दोनों के पास से सात किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने कुर्की बाजार के पावर हाउस के पास बने पुलिया के निकट से दोनों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights