वाराणसी, 21 सितम्बर । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बाबतपुर स्थित एक होटल में रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र की ओर से “एक राष्ट्र-एक चुनाव” के तहत स्टूडेंट फॉर वन नेशन वन इलेक्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में काशी क्षेत्र के 16 जिलों के कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह से भागीदारी की । और इसके पक्ष में युवाओं और आम लोगों को जागरूक करने का संकल्प भी लिया।

कार्यशाला में काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि “एक राष्ट्र, एक चुनाव” भारतीय लोकतंत्र की दिशा में बड़ा कदम है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यहां हर वर्ष किसी न किसी राज्य में चुनाव होते रहते हैं। लोकसभा, विधानसभा, नगर निकाय और पंचायत चुनाव इनकी निरंतरता से देश में हमेशा चुनावी माहौल बना रहता है। इसी चुनौती को देखते हुए “एक राष्ट्र, एक चुनाव” का विचार सामने आया है। इसका तात्पर्य है कि पूरे देश में लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं के चुनाव एक साथ हों।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव की आवश्यकता क्यों पड़ी इसे जानना बहुत जरुरी है। कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव से समय और संसाधनों की बचत होगी। बार-बार चुनाव कराने में प्रशासनिक, सुरक्षा और वित्तीय संसाधनों पर भारी बोझ पड़ता है। कहा कि निरंतर विकास कार्य होंगे, चुनाव आचार संहिता बार-बार लागू होने से विकास योजनाएँ बाधित होती हैं। उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव से दीर्घकालिक नीतियों को गति मिलेगी और सरकार को पूरे कार्यकाल के लिए स्थिर वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए जरुरी है कि सभी जिलों में इंटर व डिग्री कालेजों में “एक राष्ट्र एक चुनाव” विषयक पर संगोष्ठी आयोजित की जाए व जिलों में मैराथन आयोजित कर छात्रों व युवाओं को जागरूक किया जाय। और इसकी आवश्यकता एवं इससे होने वाले लाभ बताए जाएं।

कार्यशाला में स्टूडेंट फॉर वन नेशन वन इलेक्शन के प्रदेश संयोजक अतेन्द्र सिंह, सह संयोजक अभिषेक सोनकर, काशी क्षेत्र संयोजक रमेश पटेल, अनिल श्रीवास्तव, नवरतन राठी आदि ने भी भागीदारी की।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights