मथुरा, 14 जुलाई। सावन महीने के पहले सोमवार को श्रीकृष्ण की नगरी के शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने व्रत रखकर शिवलिंग का जलाभिषेक किया और ओम नमः शिवाय के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना दिया। रंगेश्वर महादेव मंदिर के भक्त मंडली ने भोलेनाथ का महारूद्राभिषेक किया।
कान्हा नगरी मथुरा में भूतेश्वर, कामेश्वर, चकलेश्वर एवं गोपेश्वर के अलावा रंगेश्वर महादेव, चिंताहरण मंदिरों में सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने अपने आराध्य का विधि विधान से जलाभिषेक किया। वहीं देरसायं सभी शिव मंदिरों में बाबा भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार के साथ फूलबंगला सजाया गया है। लोग भगवान शिव की भक्ति में डूबे हुए दिखे। सावन के महीने में हर कोई भगवान शिव की आराधना में लगा हुआ है। शिव कल्याण के देवता है सावन के सोमवार के दिन भगवान शिव का व्रत करते हुए शिवलिंग पर जल चढ़ाते है। महिलाओं और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई भक्तों ने उपवास रखकर भगवान शिव से सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिरों में कतारबद्ध श्रद्धालुओं को सुचारु ढंग से दर्शन करवाने के लिए मंदिर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गईं। काबड़ियों को सुरक्षा मुहैय्या कराते हुए पुलिस ने भोलेनाथ पर काबड़ चढ़वाई।
पुलिस ने मंदिरों के आसपास सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाल रखी है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। वहीं रंगेश्वर महादेव मंदिर में महारूद्राभिषेक का आयोजन किया गया जिसमें पुजारी जॉनीनाथ गोस्वामी, माधव गोस्वामी, पुजारी लालूराम गोस्वामी, भगत मोनू बंसल, कुश वालिया, हर्षित अग्रवाल, लव वालिया, हर्षित वर्ष्णेय, रोहित, अमित पंडित, हिमांशु ने रंगेश्वर महादेव का महारूद्राभिषेक किया तथा सायंकाल भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया। जिसे निहारने के लिए शिव भक्तों का तांता लगा रहा।
पुजारी माधव गोस्वामी ने बताया कि यह महारूद्राभिषेक हर सोमवार किया जाएगा और पूरे सावन के महीने में फूलबंगला से लेकर बर्फ बंगला अन्य कई प्रकार के भव्य बंगले छप्पन भोग सजाये जाएंगे। जनपद में स्थित विभिन्न शिव मंदिरों की अलग-अलग कथाएं व्याप्त हैं जिनमें एक रंगेश्वर महादेव भी शामिल है। ऐसा लोगों में विश्वास है कि जो भी बाबा के दरबार में आकर श्रद्धा और विश्वास के साथ अपनी अर्जी लगाता है बाबा रंगेश्वर उसे अवश्य पूरा करते हैं।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights