हैदराबाद। शहर के एक निजी नर्सरी स्कूल में मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक महिला अटेंडेंट को नन्ही बच्ची को बेरहमी से पीटते, बाल खींचते और जमीन पर पटकते देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।
घटना शनिवार की बताई जा रही है। शिकायत के अनुसार, आरोपी अटेंडेंट बच्ची को वॉशरूम ले गई, जहां उसने उसे कई बार पीटा और एक मौके पर कुचलने की कोशिश भी की। वीडियो एक पड़ोसी द्वारा स्कूल परिसर के बाहर से बनाया गया था, जो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया। मारपीट से बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची के शरीर पर कई चोटों के गहरे निशान मिले हैं, जो गंभीर शारीरिक हिंसा की ओर संकेत करते हैं। बताया गया कि घटना से पहले बच्ची ने शाम से कुछ नहीं खाया था और बेहद कमजोर स्थिति में थी।
वीडियो सामने आते ही बच्ची के माता-पिता ने स्कूल प्रबंधन और आरोपी महिला के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि बच्ची की मां उसी स्कूल में बस कंडक्टर के रूप में काम करती है। घटना उस समय हुई जब बच्ची स्कूल के भीतर थी और उसकी मां ड्यूटी पर बाहर बच्चों को छोड़ने गई थीं। जेडीमेटला थाने के इंस्पेक्टर के मुताबिक, आरोपी अटेंडेंट लक्ष्मी और बच्ची की मां के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि नौकरी पर खतरा महसूस करते हुए लक्ष्मी ने यह अमानवीय हरकत की। पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी अन्य बच्चे से दुर्व्यवहार की शिकायत नहीं मिली है, इसलिए मामला फिलहाल एक अलग घटना के रूप में देखा जा रहा है।
शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और चेतावनी दी है कि यदि लापरवाही साबित होती है तो सख्त कार्रवाई तय है। उधर बच्ची का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
