मुज़फ्फरनगर । 28 सितम्बर को मीरापुर पुलिस की मुठभेड़ में मारे गये एक लाख के ईनामी बदमाश नईम कुरैशी की जॉंच में अभी तक किसी भी व्यक्ति ने अपने बयान दर्ज नही कराये है।
जानसठ उप जिलाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिणी खालापार निवासी नईम कुरैशी पुत्र यूसुफ की मुठभेड़ में हुई मृत्यु के संबंध में चल रही मजिस्ट्रियल जांच के तहत अब तक किसी व्यक्ति ने अपना बयान दर्ज नहीं कराया है।
उप जिलाधिकारी जानसठ ने बताया कि इस प्रकरण में 15 अक्टूबर 2025 को एक सार्वजनिक सूचना जारी की गई थी, जिसमें एक सप्ताह के भीतर संबंधित व्यक्ति या गवाहों से अपना कथन दर्ज कराने की अपील की गई थी।
हालांकि निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद कोई भी व्यक्ति जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। अधिकारियों ने पुनः सर्वसाधारण से अपील की है कि जो भी व्यक्ति इस घटना के संबंध में जानकारी या बयान देना चाहता हो, वह आगामी दिनों में उप जिलाधिकारी जानसठ के कार्यालय में उपस्थित होकर अपना कथन दर्ज करा सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मजिस्ट्रियल जांच का उद्देश्य पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच कर सत्य तथ्यों को उजागर करना है।
