nepal-holi-newar-basantpur

काठमांडू, 24 फरवरी । राजधानी काठमांडू के मूल निवासी कहे जाने वाले नेवार समुदाय के लोगों ने रंगों के त्योहार होली की औपचारिक शुरुआत आज से कर दी। काठमांडू के वसंतपुर में होली का चीर खड़ा किया गया है। मंगलवार सुबह रंग-बिरंगे कपड़ों और ध्वजापताकाओं से सुसज्जित तीन खंडों वाला चीर स्थापित किया गया। इसके साथ ही काठमांडू और आसपास के इलाकों में रहने वाले नेवार समुदाय में होली का शुभारंभ हो गया।

हनुमानढोका दरबार के दक्षिणी पटांगिनी, ऐतिहासिक मोहनकाजी चौक तथा दाखचौक में 32 फुट ऊंचा, गजुर (शिखर) जैसा दिखाई देने वाला रंगीन तीन-खंडीय होली चीर खड़ा किया गया। चीर स्थापना के बाद गुर्जु की पलटन द्वारा हर्षध्वनि की गई।

चीर खड़ा किए जाने के साथ ही राजधानी काठमांडू सहित पूरे देश में रहने वाले नेवार समुदाय में औपचारिक रूप से होली की शुरुआत मानी जाती है। नेपाल पंचांग निर्णायक समिति ने आज चीर स्थापना के लिए शुभ दिन होने का निर्णय लिया था, जिसके अनुसार आज यह अनुष्ठान सम्पन्न हुआ।

होली पर्व के शुभारंभ की घोषणा के रूप में वसंतपुर में चीर खड़ा करने की परंपरा रही है। पौराणिक काल से प्रारंभ इस पर्व का विशेष महत्व है। होली को वसंत ऋतु के आगमन की खुशी में रंगों के साथ मनाए जाने वाले उत्सव के रूप में देखा जाता है।

आज से लेकर फागुन पूर्णिमा के दिन तक नेवार समुदाय में होली खेलने की परंपरा है। नेपाल के मिथिला क्षेत्र में सोमवार से ही होली पर्व की औपचारिक शुरुआत हुई जब मध्य परिक्रमा यात्रा के कंचनवन पहुंचने पर वहां रंग और अबीर के साथ होली खेली गई।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights