मुजफ्फरनगर। नेपाल की राजधानी काठमांडू के हिंसाग्रस्त और आपदा प्रभावित क्षेत्र में मुजफ्फरनगर के भाजपा नेता सुनील तायल समेत 10 लोग फंसे हुए हैं। वहां अचानक हुई गोलीबारी, आगजनी और लूटपाट से हालात बिगड़ गए हैं। इस बीच सुनील तायल ने होटल के कमरे से वीडियो संदेश जारी कर सुरक्षित स्वदेश वापसी की अपील की है। भाजपा नेता ने बताया कि वे धार्मिक यात्रा पर नेपाल पहुंचे थे और भगवान पशुपतिनाथ समेत अन्य स्थलों के दर्शन कर रहे थे। शाम के समय जब वे बाजार में थे तभी अचानक बम धमाके, फायरिंग और आगजनी शुरू हो गई। दुकानों को आग लगा दी गई और लोग दहशत में भागने लगे। ऐसे में उनके गाइड थापा ने सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें छोटी गलियों से निकालकर सुरक्षित होटल तक पहुंचाया। तायल ने कहा कि वे और उनके साथी सुरक्षित हैं, लेकिन नेपाल में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। उन्होंने परिजनों से अपील की कि घबराएं नहीं और भारत सरकार से आग्रह किया कि उन्हें तथा अन्य फंसे भारतीयों को तत्काल स्वदेश लौटाने की व्यवस्था की जाए।
इस घटना की जानकारी मिलने पर प्रदेश सरकार भी सक्रिय हो गई। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जिलाधिकारी और विदेश मंत्रालय से संपर्क साधा। उन्होंने बताया कि नेपाल में सुनील तायल के साथ सचिन गुप्ता, आशु गुप्ता (प्रेमपुरी), प्रवीण गुप्ता (नवाबगंज पश्चिमी), सुशील त्यागी (नया अलमासपुर), भोपाल सिंह (एटूजेड ग्रीन स्टेट कालोनी), पवन कुमार (इंदिरा कालोनी), वरुण धनगर (इन्द्रप्रस्थ कालोनी रेशू विहार), कुलदीप सिंह (बिजनौर) और अजय जैन (बड़ौत) भी फंसे हैं। इनमें कई लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।मंत्री अग्रवाल ने कहा कि विदेश मंत्रालय को सभी का रिकॉर्ड भेजा गया है और सरकार लगातार नेपाल में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापसी दिलाने की तैयारियों में जुटी है।
