मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्डों में जाकर मरीजों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था की सराहना करते हुए जहां कमियां दिखीं, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए।सीएमएस डॉ. आभा आत्रेय ने अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं और स्टाफ की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।

मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगर क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता और सेवा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल के बाहर बने दो कूड़ा डलावघर हटवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है—रुड़की रोड वाला स्थल जल्द ही सेल्फी प्वाइंट के रूप में विकसित होगा, जबकि लद्दावाला डलावघर की जगह वेंडिंग जोन बनाया जाएगा।उन्होंने कहा कि जिला महिला चिकित्सालय में व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं और जहां सुधार की जरूरत है, वहां पालिका प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा ताकि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
