थाना बुढाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुरादाबाद के अंतर्जनपदीय अपराधी को दबोचा
मुजफ्फरनगर। जिले की बुढाना पुलिस ने मंगलवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात बाबरिया गैंग के एक अंतर्जनपदीय बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक स्पलेण्डर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
घटना मंगलवार, 4 नवंबर की है। बुढाना थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाबरिया गैंग का शातिर बदमाश किसी बड़ी वारदात की फिराक में मेरठ–करनाल हाईवे से बुढाना की ओर आने वाला है और उसके पास अवैध असलहा भी है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने छंगा होटल के पास मेरठ–करनाल हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। कुछ देर बाद मेरठ की दिशा से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक रुकने के बजाय बाइक मोड़कर बुढाना-कांधला मार्ग होते हुए एचपी गैस गोदाम की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाश नहर पटरी के रास्ते ईंख के खेत में घुस गया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। गिरफ्तार बदमाश की पहचान पत्तराम उर्फ संतराम पुत्र चिरंगी निवासी खुशहालपुर पूनम बिहार थाना मझौला, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई। घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मौके से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस (315 बोर) और स्पलेण्डर मोटरसाइकिल बरामद की है। पत्तराम उर्फ संतराम का लंबा आपराधिक इतिहास है। उस पर मुरादाबाद और बिजनौर जनपदों में डकैती, लूट, फायरिंग, धोखाधड़ी और चोरी जैसे गंभीर मामलों में दर्जनभर मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना भोजपुर, सिविल लाइन, मझोला (मुरादाबाद) और स्यौहारा (बिजनौर) के थानों में दर्ज मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संदीप कुमार, ललित कुमार, दीपक कुमार, छविकांत चौहान, हैड कॉन्स्टेबल सुनील कुमार, नीरज त्यागी, निर्वेश कुमार, संजय कुमार, विकास, अमरदीप और कांस्टेबल नकुल सांगवान शामिल रहे।
