मुज़फ़्फ़रनगर। शहर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने कोतवाली नगर क्षेत्र में खुद पहुंचकर किरायेदारों और घरेलू/व्यावसायिक नौकरों का सत्यापन कराया।एसपी सिटी ने घर-घर जाकर मकान मालिकों और दुकानदारों से बातचीत की तथा उन्हें सत्यापन की अनिवार्यता के बारे में जागरूक किया।

उन्होंने बताया कि समय पर सत्यापन न कराना सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चूक है, क्योंकि कई बार असामाजिक तत्व किरायेदार या नौकर बनकर शहर में छिप जाते हैं।एसपी सिटी ने कहा कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी तरह सरल और निःशुल्क है, बावजूद इसके कई लोग इसे नजरअंदाज करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों, मकान मालिकों और व्यापारियों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति को किराए पर रखने या नौकर रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाया जा सके।अभियान के दौरान एएसपी/सीओ नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा, कोतवाली प्रभारी बबलू सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे।
