एक लाख रुपये की नगदी बरामद
मुज़फ्फरनगर।थाना खालापार पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई एक लाख रुपये की नगदी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोहों पर प्रभावी संदेश गया है।पुलिस के अनुसार, कुंगर पट्टी सुजडू निवासी शहादत हुसैन ने थाना खालापार में तहरीर देकर बताया था कि 24/25 दिसंबर की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर में स्थित परचून की दुकान से नगदी चोरी कर ली। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शामली बाईपास रोड स्थित वहलना पुल के नीचे से दो अभियुक्तों शाहनूर और अकरम को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी की गई पूरी एक लाख रुपये की राशि बरामद कर ली गई।पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और पीड़ित के घर उनका आना-जाना था। इसी दौरान उन्होंने चोरी की योजना बनाई और रात के समय छत के रास्ते दुकान में घुसकर गल्ले में रखी नगदी चुरा ली। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी किसी अन्य वारदात की फिराक में थे, तभी उन्हें दबोच लिया गया।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना खालापार पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
