मुज़फ्फरनगर।थाना खतौली क्षेत्र में हुई सनसनीखेज डकैती की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसओजी टीम और खतौली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान दो शातिर डकैत घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए। उनके कब्जे से लूटी गयी नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। 5 दिसंबर को थाना खतौली क्षेत्र के मोहल्ला लाल मोहम्मद में बदमाशों ने घर में घुसकर अवैध शस्त्रों के बल पर नकदी व कीमती आभूषण लूट लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर एसओजी सहित तीन थानों की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान घटनास्थल से लेकर संभावित फरार मार्गों तक लगातार सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया।

गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि डकैती में शामिल बदमाश खतौली थाना क्षेत्र के गंग नहर के रास्ते फरार होने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। दोनों की पहचान मुजफ्फरनगर के लद्दावाला के रहने वाले तस्लीम पुत्र मुसिर और रहीस पुत्र कासिफ के रूप में हुई है। दोनों लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं।दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।एसएसपी संजय वर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस डकैती के खुलासे में कुल 51 पुलिसकर्मी शामिल रहे। घटना के बाद पुलिस टीमों ने तकनीकी और मैनुअल जांच को साथ लेकर काम किया और करीब 700 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद अपराधियों की पहचान सुनिश्चित की जा सकी।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 1,58,000 रूपये नकद, बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, तमंचे व कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर डकैती की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी खतौली दिनेश बघेल, मंसूरपुर थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र और बुढ़ाना थाना प्रभारी सुभाष अत्री की टीमों के साथ एसओजी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चार फरार आरोपियों की तलाश जारी है और डकैती से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। डकैती के खुलासा करने वाली टीम को एडीज़ी मेरठ भानु भास्कर ने 50 हज़ार रूपये एवं प्रशस्ति पत्र और एसएसपी मुज़फ्फरनगर संजय वर्मा ने 25 हज़ार रूपये के इनाम की घोषणा की |
