मुजफ्फरनगर।पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ व अनुशासित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में अर्दली रूम आयोजित किया। इस दौरान पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर उनके रख-रखाव, अद्यतन स्थिति और कार्यशैली की विस्तार से समीक्षा की गई।निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अभिलेखों को सुव्यवस्थित, अद्यतन और विभागीय नियमों के अनुरूप रखने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्ध निस्तारण पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने, विभागीय नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने और जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था ही प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है।अर्दली रूम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
