मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस ने चोरी की दो बड़ी घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो शातिर वांछित चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की नगदी, आभूषण, मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2025 की रात ग्राम कूकड़ा स्थित जौली रोड चौराहे पर शराब की दुकान का शटर उखाड़कर नगदी व शराब की बोतलें चोरी की गई थीं। इसके अलावा 11/12 दिसंबर 2025 की रात सरल फर्टिलाइजर फैक्ट्री के कार्यालय का ताला तोड़कर नगदी चोरी की घटना हुई थी। दोनों मामलों में थाना नई मंडी में मुकदमे दर्ज किए गए थे।उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम 18/19 दिसंबर की रात भोपा रोड स्थित नाथ फार्म हाउस के पास चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल दो अभियुक्त टीएस मान पुलिया की ओर से किसी नई वारदात की फिराक में आने वाले हैं। सूचना पर घेराबंदी की गई, लेकिन पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगे। पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में रवि पुत्र सुभाष निवासी जटमुझेडा घायल हो गया, जबकि उसका साथी धर्मेन्द्र उर्फ मोनू पुत्र सहेन्द्र को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों अभियुक्तों के कब्जे से ₹62,200 नकद, एक पीली धातु की अंगूठी, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, आधार कार्ड और कीपैड मोबाइल बरामद किए गए।पूछताछ में अभियुक्तों ने शराब की दुकान और फर्टिलाइजर फैक्ट्री में हुई चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और इनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत एवं क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव के निर्देशन में थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को पुलिस ने बड़ी सफलता बताया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights