मुज़फ्फरनगर | बुढाना थाना क्षेत्र में पुलिस और गौकशी के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 20 हजार रुपये का इनामी व वांछित अभियुक्त शौकत उर्फ राशिद घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के पैर में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।थाना बुढाना पुलिस टीम गुरूवार को सुबह विज्ञाना पुलिया के पास संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी कच्चे रास्ते पर बाइक फिसलने से गिर गया और पुलिस पर फायरिंग करते हुए गन्ने के खेत में घुस गया। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद उसने दोबारा फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शौकत उर्फ राशिद पुत्र जाबिर निवासी ग्राम नगला, थाना रतनपुरी, मुजफ्फरनगर (उम्र करीब 27 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस ने बताया कि शौकत उर्फ राशिद 11 अक्टूबर 2025 को थाना बुढाना क्षेत्र के ग्राम अटाली के जंगल में हुई गौकशी की घटना में वांछित था। वह लगातार फरार चल रहा था, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ गौकशी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ गौवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास सहित 17 गंभीर आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।इस कार्रवाई को अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेंद्र पाल सिंह और थाना प्रभारी बुढाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
