मुजफ्फरनगर। जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस और पीडब्ल्यूडी विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर–थानाभवन मार्ग तथा चरथावल–रोहाना मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे और क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर के नेतृत्व में किए गए इस निरीक्षण में दोनों मार्गों पर मौजूद ब्लैक स्पॉट, तीखे मोड़, कम दृश्यता वाले हिस्से, सड़क किनारे अवैध अवरोध तथा अन्य दुर्घटना संभावित बिंदुओं की बारीकी से जांच की गई।एसपी ट्रैफिक ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चिन्हित स्थानों पर रिफ्लेक्टर, मानक स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप, चेतावनी/साइन बोर्ड, सड़क किनारे पेंटिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सुधारात्मक इंजीनियरिंग कार्य तुरंत पूर्ण कराए जाएं ताकि दुर्घटनाओं की संभावनाएं न्यूनतम हों। साथ ही मार्गों का नियमित रख-रखाव और सतत निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस टीम ने मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की। इस मौके पर पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता कामेश्वर गुप्ता, थाना चरथावल प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया सहित पीडब्ल्यूडी व यातायात पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।मुजफ्फरनगर पुलिस ने जनता से आग्रह किया है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं, ओवरटेकिंग व तेज रफ्तार से बचें, मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
