मुजफ्फरनगर। यातायात माह के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता को बढ़ाने और नियमों के पालन को सख्ती से लागू कराने के लिए पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने गुरुवार को शिव चौक पर अचानक सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान उन्होंने पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहकर खुद कार्रवाई का नेतृत्व किया।चेकिंग के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर एवं पटाखा फोड़ने वाली बुलट मोटरसाइकिलों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई।

इसके अलावा बिना हेलमेट, स्टंट ड्राइविंग, तेज रफ्तार, मोबाइल का उपयोग करते हुए गाड़ी चलाना, मानक विहीन नंबर प्लेट, ध्वनि प्रदूषण, प्रेशर हॉर्न एवं हूटर का दुरुपयोग करने वाले वाहन चालकों पर भी चालान व दंडात्मक कार्रवाई की गई।पुलिस अधीक्षक नगर ने सभी वाहन चालकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का सम्मान करें। उन्होंने ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भी सतर्कता बरतने एवं नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
