मुज़फ्फरनगर | ऑपरेशन “सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस को बुधवार देर शाम बड़ी कामयाबी हाथ लगी। रतनपुरी थाना पुलिस ने इंचौड़ा कट के पास चेकिंग के दौरान एक शातिर तस्कर को 30 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।घटना उस समय सामने आई जब थाना रतनपुरी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकवाया, तलाशी लेने पर उसके कब्जे से स्मैक बरामद हुई और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मेहरबान पुत्र गुलाब शाह निवासी केरटू, थाना झिंझाना, जिला शामली के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मेहरबान का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और वह पहले भी एनडीपीएस एक्ट व गैंगस्टर एक्ट में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ 2017 में एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हुए थे, जबकि इस वर्ष भी उसके खिलाफ रतनपुरी थाने में एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई थी।पूछताछ के दौरान मेहरबान ने स्वीकार किया कि वह स्मैक की खरीद–फरोख्त करता है और राह चलते ग्राहकों को नशा बेचकर अवैध कमाई करता है। उसने बताया कि यह स्मैक उसने एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदी थी। बुधवार शाम वह बुढ़ाना की ओर उसी स्मैक को बेचने जा रहा था, तभी पुलिस चेकिंग में पकड़ा गया।
थाना रतनपुरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी से उसके नेटवर्क और सप्लाई चैन के बारे में जानकारी जुटा रही है। रतनपुरी पुलिस की यह कार्रवाई ऑपरेशन सवेरा अभियान की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिसने नशे के अवैध व्यापार पर एक और मजबूत प्रहार किया है।
