मुजफ्फरनगर| जनपद में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के उद्देश्य से पुलिस का किरायेदार एवं नौकर सत्यापन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने कस्बा चरथावल में पहुंचकर स्वयं सत्यापन कार्य की निगरानी की।अभियान के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र के कई मकान मालिकों एवं दुकानदारों से बातचीत की और उन्हें समय से किरायेदारों व घरेलू/व्यावसायिक नौकरों का सत्यापन कराने के लिए जागरूक किया।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है और इसका उद्देश्य केवल सुरक्षा को मजबूत करना है।एसपी नगर ने कहा कि कई बार बिना सत्यापन किराए पर कमरे देने या नौकर रखने से सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़ जाते हैं, इसलिए यह आवश्यक है कि किसी भी व्यक्ति को कमरा, मकान या नौकरी पर रखने से पहले उसका पूरा सत्यापन अवश्य कराया जाए।अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर मिश्रा, थाना प्रभारी चरथावल सत्यनारायण दहिया तथा अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें।
