मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा प्रत्येक वर्ष 23 नवंबर को मनाए जाने वाले पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर रविवार को रिज़र्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस ध्वज फहराकर पूरे पुलिस बल को निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।झंडारोहण के बाद एसएसपी ने संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपरा, साहस, अनुशासन और त्याग का दर्पण है। उन्होंने बताया कि पुलिस झंडा दिवस पुलिस बल के उस इतिहास को याद करने का अवसर है, जिसमें बलिदान, वीरता और जनता-सेवा की भावना हमेशा सर्वोपरि रही है।

एसएसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ध्वज का हर रंग और प्रतीक यह याद दिलाता है कि वर्दी में रहकर हर पुलिसकर्मी का अंतिम लक्ष्य राष्ट्र की सेवा और समाज में शांति-व्यवस्था बनाए रखना है।

इस अवसर पर मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस ध्वज के प्रति निष्ठा दोहराते हुए राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, अपर पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, विभिन्न थानों के अधिकारी-कर्मचारी तथा रिज़र्व पुलिस लाइन स्टाफ मौजूद रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल की शौर्य परंपरा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता का उत्साहपूर्ण प्रदर्शन देखने को मिला।
