मुज़फ्फरनगर।जनपद में बढ़ती शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार ने नगर पंचायत पुरकाजी में स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने रैन बसेरे में उपलब्ध व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, बेड-शीट, कंबल तथा शौचालयों की साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारू व सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।एडीएम ने कहा कि ठंड के मौसम में रैन बसेरे असहाय, निराश्रित और खुले में रहने वाले लोगों के लिए जीवन रक्षक साबित होते हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने नगर पंचायत पुरकाजी क्षेत्र में चिन्हित स्थानों पर रात्रि में अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि अलाव की व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रतिदिन समय से अलाव जलें। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और किसी भी कमी की स्थिति में तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई कि शीतलहर और अत्यधिक ठंड के दौरान सतर्क रहें, अनावश्यक रूप से देर रात खुले में न निकलें। यदि किसी बेसहारा या असहाय व्यक्ति को ठंड में खुले में सोते हुए देखें तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन, नगर पालिका या नगर पंचायत को दें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके |
