मुजफ्फरनगर। भीषण ठंड और शीतलहर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार ने सोमवार को खतौली नगर पालिका क्षेत्र में संचालित रैन बसेरों और अलाव स्थलों का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एडीएम ने रैन बसेरों में ठहरे निराश्रित व्यक्तियों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। उन्होंने आगंतुक रजिस्टर का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक व्यक्ति का पूरा विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। एडीएम ने स्पष्ट कहा कि किसी भी हाल में कोई निराश्रित जमीन पर सोता हुआ नहीं मिलना चाहिए।


इसके लिए फोल्डिंग बेड, पलंग और अन्य आवश्यक संसाधनों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।एडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि औचक निरीक्षण में कोई व्यक्ति जमीन पर सोता पाया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर सो रहे लोगों को तुरंत रैन बसेरों तक पहुंचाया जाए, ताकि ठंड से किसी भी प्रकार की जनहानि न हो।इसके बाद अपर जिलाधिकारी ने खतौली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।

स्टेशन परिसर में रात गुजार रहे लोगों को रैन बसेरों की जानकारी दी गई और स्टेशन मास्टर को निर्देशित किया गया कि रैन बसेरों से संबंधित सूचना का व्यापक प्रचार किया जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति खुले में रात बिताने को मजबूर न हो।निरीक्षण के अंतिम चरण में नगर पालिका द्वारा संचालित अलाव स्थलों का जायजा लिया गया। एडीएम ने अलाव समय पर जलाने और लगातार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ठंड के इस दौर में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस दौरान तहसीलदार खतौली अरविंद कुमार सहित नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
