मुजफ्फरनगर।जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र चरथावल (12) के विभिन्न बूथों पर मतदाता सूची से जुड़े कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अकबरगढ़ के बूथ संख्या 25 व 26 सहित कई बूथों पर डिजिटाइज किए गए फार्मों और ASDD (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक एवं समानता) सूची की मैपिंग की स्थिति की घर-घर जाकर जांच की गई।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने बीएलओ के साथ मौके पर पहुंचकर मतदाताओं से सत्यापन किया और यह सुनिश्चित किया कि सूची में दर्ज विवरण वास्तविक स्थिति के अनुरूप हों।

उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि ASDD सूची में शामिल सभी नामों की पुनः गहन जांच की जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से गलत तरीके से न हटे और अपात्र प्रविष्टियों को समय रहते सुधारा जा सके।उप जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मूल आधारशिला है। इसलिए बीएलओ अधिक से अधिक मैपिंग कर घर-घर सत्यापन सुनिश्चित करें और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें। प्रशासन ने इस अभियान को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए नियमित निगरानी जारी रखने की बात कही।
