मुज़फ्फरनगर। ग्राम मुस्तफाबाद–पचैण्डा कलां में आयोजित ऐतिहासिक सर्वजातीय खाप पंचायत का सफलतापूर्वक आयोजन हुआ, जिसमें समाज की वर्तमान चिंताओं और युवा पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से व्यापक चर्चा की गई। पंचायत की अध्यक्षता रुहल खाप के चौधरी जयभगवान रुहल ने की, जबकि संचालन गौरव सिंह आर्य द्वारा किया गया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मनु चौधरी दाँतल, राष्ट्रीय अध्यक्ष–अंतरराष्ट्रीय जाट संसद, ने कहा कि आज बढ़ती उम्र में हो रहे विवाह समाज के लिए चिंता का कारण बन रहे हैं। विवाह उचित आयु में, माता-पिता की सहमति से होने चाहिए और विवाह संस्कारों को अनावश्यक दिखावे से ऊपर रखना आवश्यक है।

उन्होंने मोबाइल के दुरुपयोग, व्यर्थ खर्च और बदलती दिनचर्या को युवा पीढ़ी के लिए खतरनाक बताते हुए समाज से जागरूकता बढ़ाने की अपील की।पंचायत में शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए सामाजिक सुधारों की दिशा में कदम बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विवाह दिन में हों और कैमरा व रील संस्कृति के बजाय संस्कारों को प्राथमिकता दी जाए। रस्म पगड़ी सादगी से की जाए और एक गोत्र व एक ही गाँव में विवाह न हो। विवाह उचित युवावस्था में माता-पिता की सहमति से किए जाएँ तथा अनावश्यक खर्च रोककर जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग किया जाए।पंचायत में यह भी तय हुआ कि समाज में सद्भाव, एकता और भाईचारा मजबूत किया जाए। बच्चों को खेलकूद, व्यायाम, सात्विक भोजन और नियमित दिनचर्या के लिए प्रोत्साहित किया जाए। घरों में मोबाइल के उपयोग को सीमित करते हुए परिवार के साथ संवाद बढ़ाने की बात कही गई। दादा-दादी और नाना-नानी को बच्चों से कहानियों व शिक्षाओं के माध्यम से जोड़ने का सुझाव दिया गया। मानसिक दबाव की स्थिति में परिवार से खुलकर बात कर आत्महत्या और डिप्रेशन जैसी घटनाओं को रोकने पर जोर दिया गया। संयुक्त परिवार प्रणाली को बढ़ावा देने, पंचायत चुनाव सर्वसम्मति से कराए जाने और शराब वितरण जैसे दुरुपयोग पर रोक लगाने का भी संकल्प लिया गया।

साथ ही यह निर्णय हुआ कि किसी भी दल का उम्मीदवार हो, बुरे व्यक्ति को वोट न दिया जाए और समाजसेवी, बेदाग छवि वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि राजनीति का शुद्धिकरण हो सके।कार्यक्रम में श्योराण खाप के चौधरी बाबा परमेन्द्र आर्य, अनिरुद्ध वर्मा, मदनपाल चेयरमैन, राजेश चेयरमैन, कूकड़ा ब्लॉक प्रमुख अमित चौ., स्वामी सूर्यवेश, स्वामी सत्यवेश, आचार्य कृष्ण शास्त्री, विजय सिंह, डॉ. कुलदीप मलिक, एडवोकेट गजेन्द्र आर्य, धर्मेंद्र चौधरी, प्रमोद धनकड़, राजपाल आर्य, एड. विकास तेवतिया, इतिहासकार कर्णसिंह सैनी, संजय राठी सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।अंत में पंचायत अध्यक्ष ने समाज के सुधार में योगदान देने वाले युवाओं और समाजसेवियों को सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया। सभी अतिथियों ने आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights