मुज़फ्फरनगर।अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर समग्र शिक्षा एवं बेसिक शिक्षा विभाग मुज़फ्फरनगर द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में दिव्यांग बच्चों के लिए जिला स्तरीय खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें विभिन्न विकास खंडों से आए करीब 200 बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद मुज़फ्फरनगर की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, बाल कल्याण समिति सदस्य डा. राजीव कुमार तथा कोषाधिकारी श्रुति गुप्ता द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।अपने संबोधन में मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को सहानुभूति नहीं, सहयोग की आवश्यकता है और अभिभावकों को चाहिए कि बच्चों को घरों से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ें।

प्रतियोगिताओं में मानसिक दिव्यांग बालिकाओं की 50 मीटर दौड़ में अर्पिता (मोरना), सूरज (शाहपुर), डॉली (चरथावल) क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहीं। बालकों में लक्ष्य (शाहपुर) पहले, सागर (चरथावल) दूसरे और आरजू (सदर) तीसरे स्थान पर रहे। मूक-बधिर बच्चों की म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में बालकों में मन्नू (बघरा) ने पहला, नवनीत (सदर) ने दूसरा और अर्पण (शाहपुर) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिकाओं में डॉली (जानसठ) प्रथम, परी (जानसठ) द्वितीय और योगिता (सदर) तृतीय रहीं। दृष्टिबाधित बच्चों की ‘छूकर पहचानो’ प्रतियोगिता में अलफिजा (जानसठ) पहले, वंश (खतौली) दूसरे और कुनाल (मोरना) तीसरे स्थान पर रहे। चित्रकला में हर्ष (सदर) प्रथम, अर्णव (सदर) द्वितीय और सूरज (जानसठ) तृतीय रहे, जबकि सुलेख प्रतियोगिता में वंशिका (सदर), बुलबुल (सदर) और प्रिंस (जानसठ) ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। शारीरिक रूप से दिव्यांग बालकों की दौड़ में मयंक (सदर) प्रथम, अक्षपाल (चरथावल) द्वितीय और डॉली (सदर) तृतीय रहे। मूक-बधिर बालिकाओं की दौड़ में अर्पिता (मोरना) ने पहला, अलीशा (जानसठ) ने दूसरा और आरजू (बुढ़ाना) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के समापन पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को समान अवसर दें, ताकि वे भी आत्मविश्वास के साथ सामान्य बच्चों की तरह आगे बढ़ सकें। संदीप कुमार ने विभाग द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं की जानकारी भी अभिभावकों को दी। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक सुशील कुमार ने किया, जबकि आयोजन को सफल बनाने में स्पेशल एजुकेटर्स आदित्य प्रकाश, रेनू, धर्मेंद्र स्वरूप जैन, पूनम, अनंगपाल, रामनिवास, इरशाद, राहित शर्मा, प्रमिता, धर्मेंद्र तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन बबीता का विशेष योगदान रहा।
