मुज़फ्फरनगर | मुज़फ्फरनगर के छह विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के दौरान अब तक 1 लाख 11 हज़ार 436 वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा चुके हैं। प्रशासन का कहना है कि 11 दिसंबर तक यह अभियान जारी रहेगा और संख्या और बढ़ सकती है।जनपद के मुज़फ्फरनगर सदर, बुढ़ाना, चरथावल, मीरापुर, खतौली और पुरकाज़ी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 21,12,586 मतदाता पंजीकृत हैं। एसआईआर के दौरान सामने आया कि सूची में 30,915 मृतक, 12,315 अनुपस्थित, 59,957 दूसरे स्थान पर शिफ्ट, जबकि 8,249 डुप्लीकेट मतदाता दर्ज थे।बीएलओ के घर-घर सर्वे में बड़ी संख्या में ऐसे वोटर पाए गए जिनका नाम सूची में तो था, लेकिन वे अपने पते पर नहीं मिले।

इन्हें अनुपस्थित और लापता की श्रेणी में रखा गया है। बीएलओ के अनुसार इस स्थिति के कारण कई जगह सत्यापन प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण रही।एडीएम प्रशासन संजय सिंह ने बताया कि 11 दिसंबर को एसआईआर से संबंधित सभी आंकड़े सार्वजनिक किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मृतक और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।वहीं सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने कहा कि कई लोग पहले के पते पर दर्ज थे, लेकिन अब अन्य स्थानों पर बस गए हैं। एसआईआर में यह भी खुलासा हुआ कि कुछ मतदाताओं के दो अलग-अलग स्थानों पर नाम दर्ज थे, जिससे दो जगह मतदान का जोखिम था। ऐसे सभी नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।प्रशासन का कहना है कि अभियान पूरा होने के बाद जिले की मतदाता सूची पहले से कहीं अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights