मुजफ्फरनगर | एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने आज थाना सिविल लाइन का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क/मिशन शक्ति केंद्र, थाना कार्यालय, मालखाना, बंदी गृह, संतरी पहरा, साइबर हेल्प डेस्क, कम्प्यूटर कक्ष, मेस तथा स्वच्छ पानी की उपलब्धता सहित सभी महत्वपूर्ण सेक्शनों का बारीकी से अवलोकन किया।एसपी सिटी ने त्यौहार रजिस्टर, चुनाव रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, अपराध रजिस्टर और टॉप-10 अपराधियों की सूची का परीक्षण करते हुए अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज प्रकरणों में धारा 14(1) के अंतर्गत अपराधियों की संपत्ति जब्तीकरण की प्रक्रिया तेज करने को कहा। साथ ही खनन, शराब/अवैध मादक पदार्थ तस्करी, पशु तस्करी, वन अपराधों और भूमाफियाओं के विरुद्ध अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।हिस्ट्रीशीटर्स की नियमित चेकिंग और फ्लाई सीट प्रविष्टियों को पूर्ण कराने पर भी उन्होंने जोर दिया। थाना परिसर में खड़े माल मुकदमाती और लावारिस वाहनों के शीघ्र निस्तारण के लिए थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।इसके बाद एसपी सिटी ने विवेचकों का अर्दली रूम लिया और लंबित विवेचनाओं व प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में महोदय ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
