मुजफ्फरनगर।भारत सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद मुजफ्फरनगर में गुरुवार को संस्था जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन और ग्रामीण समाज विकास केंद्र द्वारा 100 दिवसीय जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद कन्या इंटर कॉलेज, जट मुझेडा में आयोजित हुआ, जो महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के निर्देशन और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के तत्वावधान में संचालित है।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष रीना पवार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत कराई। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी विकास पवार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बाल विवाह जैसी कुप्रथा के दुष्परिणाम बताए।

उन्होंने कहा कि समाज सुधारकों — राजा राममोहन राय, स्वामी विवेकानंद और अन्य महान व्यक्तित्वों — ने वर्षों पहले इस कुरीति को समाप्त करने के लिए संघर्ष किया था, हमें उनके प्रयासों को आगे बढ़ाना है।संस्था के प्रबंधक गजेंद्र सिंह ने छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के बारे में विस्तार से जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी बालक या बालिका का बाल विवाह होता दिखाई दे, तो तुरंत भारत सरकार की चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें।कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने बाल विवाह विषय पर नुक्कड़ नाटक और अन्य जागरूकता प्रस्तुतियां कीं, जिन्हें अतिथियों ने सराहा। संस्था की ओर से प्रतिभाग करने वाली सभी बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र और मैडल देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य सविता और संस्था की टीम ने आए अतिथियों का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक प्रेमपाल ने संस्था से ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित करने का आग्रह किया। पूरे कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से गौरव मालिक ने किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रोबेशन विभाग की चाइल्ड हेल्पलाइन टीम और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम की अहम भूमिका रही।
