मुज़फ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल ने बुधवार को तितावी थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली की जांच की और पीड़िताओं के आवेदन, दर्ज विवरण और निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने थाना कार्यालय, मालखाना, बंदी गृह, संतरी ड्यूटी, कंप्यूटर कक्ष, विवेचक कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, शौचालय, स्नानघर, मेस और पानी की व्यवस्था का भी जायजा लिया।

मालखाने में रखे शस्त्रों की साफ-सफाई और रखरखाव तथा अभिलेखों की स्थिति की बारीकी से जांच की गई।एसपी ग्रामीण ने त्यौहार रजिस्टर, चुनाव रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, अपराध रजिस्टर और टॉप-10 अपराधियों की सूची की समीक्षा की और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामलों में संपत्ति जब्ती की कार्रवाई तेज करने, खनन, शराब और अवैध मादक पदार्थ तस्करों, पशु और वन माफियाओं तथा भूमाफियाओं को चिन्हित कर कार्रवाई करने को कहा।

हिस्ट्रीशीटरों की नियमित चेकिंग और फ्लाई सीट में प्रविष्टियां पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।एसपी ग्रामीण ने पुलिसकर्मियों के लिए संचालित मेस का निरीक्षण किया। मेस की साफ-सफाई संतोषजनक मिली, लेकिन भोजन की गुणवत्ता और बेहतर करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष को थाने में खड़े मुकदमाती और लावारिस वाहनों के जल्द निस्तारण करने को कहा गया।बाद में विवेचकों का अर्दली रूम लिया गया, जहां लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों को समय पर और गुणवत्तापूर्वक निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।रात्रि गणना के दौरान एसपी ग्रामीण ने पुलिसकर्मियों से ड्यूटी से जुड़े निर्देश साझा किए और उनकी समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
