मुज़फ्फरनगर|मुजफ्फरनगर में घरेलू हिंसा से परेशान एक महिला ने एसएसपी कार्यालय परिसर में आत्मदाह का प्रयास कर सनसनी फैला दी। महिला ने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया था, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़कर आग लगाने से रोक लिया। घटना करीब 11:45 बजे की बताई जा रही है।थाना भोपा क्षेत्र के करहेड़ी मोहल्ला कलालान निवासी सोनी उर्फ ईरम (28) पत्नी आजाद उर्फ सब्बू ने पुलिस को दी गई शिकायत में गंभीर आरोप लगाए हैं। ईरम का कहना है कि उसका पति आए दिन शराब पीकर मारपीट करता है और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता है। उसके भाई आदिल द्वारा कई बार पैसे देने के बाद भी पति का व्यवहार नहीं बदला। आरोप है कि पति अवैध हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देता है और ससुराल वाले भी उसका ही साथ देते हैं।महिला ने बताया कि उसके 10 तोले सोने के जेवर भी पति बेच चुका है।
19 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे फिर उसी बात को लेकर विवाद हुआ। जब उसने बताया कि अभी 24 अक्टूबर को भाई की शादी हुई है, थोड़ा समय दो, तो पति ने गाली-गलौज कर बुरी तरह मारपीट की और अवैध हथियार से धमकाया। जान के डर से वह घर से भागकर सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंची और वहीं आत्मदाह का प्रयास किया।पुलिस अधिकारियों ने तत्काल महिला को समझाकर जिला अस्पताल भेजा। उसकी तहरीर पर थाना भोपा में पति आजाद उर्फ सब्बू के खिलाफ धारा 151 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आत्मदाह का प्रयास करने पर महिला के खिलाफ भी बीएनएस 226 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
