मुजफ्फरनगर।नगर में बढ़ती बंदरों की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर पालिका कल बुधवार से विशेष ‘बंदर पकड़ो अभियान’ शुरू करने जा रही है। अभियान की तैयारी के तहत गांधी कॉलोनी के सभासद अमित पटपटिया ने आज पालिका की टीम के साथ मिलकर उपयुक्त स्थानों पर बंदर पकड़ने के लिए पिंजरे रखवाए।सभासद अमित पटपटिया ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप के निर्देशन में यह विशेष अभियान गांधी कॉलोनी से प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही बंदरों की समस्या पर नियंत्रण पाने के लिए यह अभियान बेहद जरूरी है, जिससे आमजन को काफी राहत मिलेगी।
अमित पटपटिया ने नगर वासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पिंजरे केवल ऊपरी (खुली) छतों पर ही लगाए जा सकते हैं, इसलिए जहां टीम उपयुक्त स्थान को चिन्हित करे, वहां के निवासी अपनी छत उपलब्ध कराकर अभियान में मदद करें। उनका कहना है कि नागरिकों के सहयोग से ही यह प्रयास सफल हो सकेगा।नगर पालिका का दावा है कि अभियान के अगले कुछ दिनों में प्रभावित क्षेत्रों में बंदरों की संख्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।
