मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। महिला सशक्तिकरण जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को सदर कोतवाली में मिशन शक्ति फेज-5 केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एएसपी मनोज कुमार यादव, वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रदेश अध्यक्ष सांस्कृतिक प्रकोष्ठ सहारनपुर श्रीमती अल्पना तलवार ने संयुक्त रूप से किया।इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी कपिल देव ने बताया कि यह केंद्र विशेष रूप से महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए स्थापित किया गया है। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा एवं गोपनीय शिकायतों के लिए जिले के सभी स्कूलों में शिकायत पेटिकाएं लगाई गई हैं। इन पेटिकाओं को हर तीसरे दिन खोला जाएगा और गुप्त जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एएसपी मनोज कुमार यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत जनपदीय पुलिस द्वारा लगातार गांव, कस्बों, मोहल्लों और शैक्षणिक संस्थानों में चौपाल व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत छात्राओं, बालिकाओं और महिलाओं को उनके अधिकारों, वूमेन पावर लाइन 1090, यूपी 112 और अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जा रही है।उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं और बालिकाओं के प्रति संवेदनशीलता, सुरक्षा, स्वावलंबन और सम्मान सुनिश्चित करना सहारनपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
